राम के नवरस: एक अविस्मरणीय संध्या
(नैवेद्य पुरोहित) कुछ शामें सिर्फ बीतती नहीं, आत्मा में उतर जाती हैं। 29 मार्च 2025 की रात भोपाल के समन्वय भवन में कुछ ऐसी ही थी। पंकज मुकाती जी के पॉलिटिक्सवाला मीडिया समूह के तत्वावधान में आयोजित "राम के नवरस" काव्य महोत्सव में जब एक-एक कवि मंच पर आया तो शब्दों ने ऐसा जादू किया कि हास्य के बाद भक्ति, भक्ति के बाद वेदना और वेदना के बाद फिर मुस्कुराहट। एक के बाद एक नौ रसों की यह यात्रा सच में पूरी हो गई। दावे के साथ कह सकता हूं कि वहां हॉल में बैठे हर शख़्स ने कल रात कुछ न कुछ ऐसा ज़रूर पाया होगा जो घर जाते वक़्त भी उसके साथ था। मंच पर उपस्थित महानुभाव - कल शाम मंच पर कई गणमान्य हस्तियाँ उपस्थित थीं। मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग पधारे। उनके साथ पूर्व जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा, मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, इंदौर के पूर्व कलेक्टर एवं वर्तमान में राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी सर भी मौजूद थे। कार्यक्रम ...