रतलाम का वो 'चंचल' सिपाही जिसकी किस्मत संजय गांधी के एक दौरे ने बदल दी

(नैवेद्य पुरोहित)
आज के दौर में अगर आपको किसी बड़े अखबार में नौकरी चाहिए तो रिज्यूमे, ईमेल और न जाने कितने राउंड के इंटरव्यू से गुजरना पड़ता है। लेकिन पत्रकारिता का एक दौर वो भी था जब नियुक्तियाँ न्यूज़ रूम के बंद कमरों में नहीं बल्कि 'रिश्तों की गर्माहट' और 'अदब' के साथ तय होती थीं। दैनिक भास्कर इंदौर लॉन्चिंग टीम के गुमनाम नायक सीरीज में आज से हमारे नए किरदार है रमेश मिश्रा 'चंचल'। बात साल 1980 के इर्द-गिर्द की है। भोपाल की फिजाओं में सियासत और पत्रकारिता साथ-साथ परवान चढ़ रही थी। उन्हीं दिनों संजय गांधी का भोपाल आना हुआ। रमेश मिश्रा तब रतलाम के एक युवा और ऊर्जावान पत्रकार हुआ करते थे। साथ में थे उनके दोस्त कांग्रेस नेता मनोहर बैरागी जिन्हें अपना रसूख दिखाना था और कवरेज भी तगड़ा चाहिए था। उस समय भोपाल में 'दैनिक भास्कर' के सर्वेसर्वा हुआ करते थे स्व द्वारका प्रसाद अग्रवाल। रवायत कुछ ऐसी थी कि सेठजी से मिलने खाली हाथ नहीं जाया जाता था। तो साहब, एक बढ़िया फलों की डलिया सजाई गई और साथ में मनोहर बैरागी जी ने थमाया 25 हजार का एक लिफाफा विज्ञापन के लिए।
डीपी अग्रवाल ने डलिया स्वीकार की, मुस्कुराए और बैरागी जी से पूछा, "भाई, ये तुम्हारे साथ कौन है?" बैरागी जी बोले, "साहब, ये रमेश मिश्रा हैं, रतलाम में पत्रकार हैं।" बस, फिर क्या था! डीपी अग्रवाल ने वहीं खड़े-खड़े फैसला सुना दिया। उन्होंने अपने पुराने फोटो कवर 'जैमिनी' को आवाज दी और कहा, "जैमिनी, ये जो पत्रकार लड़का आया है, ये जैसा कहे वैसा फोटो खींचना और जो ये लिखकर दे, वही अखबार में छाप देना। यही आज का कवरेज करेगा।"
उस दिन भोपाल दैनिक भास्कर के फ्रंट पेज पर रमेश मिश्रा 'चंचल' की पहली बायलाइन छपी। न कोई रिज्यूमे देखा गया, न कोई डिग्री पूछी गई। बस एक मुलाकात हुई और पत्रकारिता के उस 'चंचल' सिपाही को अपनी पहली कर्मभूमि मिल गई। लेकिन ये तो सिर्फ शुरुआत थी, इंदौर का असली संघर्ष और स्व रमेशचंद्र अग्रवाल के साथ रेलवे स्टेशन पर लगी वो ऐतिहासिक शर्त तो अभी बाकी थी...। (अगली किस्त में पढ़िएगा: जब दैनिक भास्कर इंदौर एडिशन की लॉन्चिंग हुई तो बिना किसी अर्जी के रमेश मिश्रा कैसे टीम का हिस्सा बने और वो दिलचस्प किस्सा जब उन्होंने मालिक से ही 10 हजार रूपए की शर्त लगा ली!) #दैनिक_भास्कर_इंदौर_लॉन्चिंग_टीम_के_गुमनाम_नायक #सीरीज_30 #डीबी_कॉर्प #गुमनाम_नायक #रमेश_मिश्रा_चंचल

Comments

Popular posts from this blog

20 की उम्र में चारधाम पूरे, रिश्तों का पंचधाम भी जी लिया!

जड़ों से जुड़ाव की पुकार: एक बार फिर कुलदेवता के दरबार में!

मन की शांति का रहस्य: स्वीकार्यता है!