त्याग की दहलीज और एक शांत विदा

(नैवेद्य पुरोहित)
ज़िंदगी अक्सर हमें ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर देती है, जहाँ दो रास्तों में से एक को चुनना हमारी मजबूरी बन जाता है। एक रास्ता वह होता है जहाँ आपके सपने, आपकी पहचान और आपकी आज़ादी होती है और दूसरा रास्ता वह जो 'ज़िम्मेदारी' और 'त्याग' की मांग करता है। वर्षा जोशी के जीवन में यह मोड़ नवंबर 1986 में आया। तीन साल तक भास्कर की धड़कन बने रहने के बाद, एक दिन ऐसा आया जब उन्हें अपनी मशीनों, अपने दोस्तों और उस 'महू वाली मैडम' की पहचान को अलविदा कहना पड़ा।
शादी के बाद ससुराल की ज़िम्मेदारियाँ सामने थीं। जिस परिवार में ब्याह हुआ था उनका अपना स्कूल था और अपनों का कहना था कि अब बाहर की नौकरी छोड़कर घर की ज़िम्मेदारी संभाली जाए। वर्षा याद करती हैं कि पीछे चार छोटी बहनें भी थी और एक बड़े भाई की तरह पूरे परिवार की उम्मीदों का मान रखना उनकी प्राथमिकता थी। उन्होंने भारी मन से लेकिन पूरी गरिमा के साथ उस करियर को छोड़ दिया जो अभी उड़ान भर ही रहा था।
जब उन्होंने आखिरी बार दैनिक भास्कर की प्रेस से बाहर कदम रखा होगा, तो यकीनन महू जाने वाली वह ट्रेन उस दिन बहुत भारी लगी होगी। वह शब्द जो उन्होंने तीन साल तक मशीनों पर उकेरे थे, आज उनके दिल पर किसी बोझ की तरह ठहरे हुए थे।
आज वर्षा चकाचौंध से दूर हैं। अखबार की दुनिया बदल गई है, तकनीक बदल गई है और शायद वह दफ्तर भी वैसा नहीं रहा। लेकिन दैनिक भास्कर इंदौर के इतिहास के उन सुनहरे पन्नों में वर्षा जोशी का नाम एक ऐसे 'गुमनाम नायक' के रूप में दर्ज है, जिसने अपने हिस्से का पसीना बहाकर इस विशाल मीडिया साम्राज्य की नींव रखी थी। भले ही लोग उनका चेहरा भूल गए हों, लेकिन उनकी मेहनत की महक आज भी उन पुराने अखबारों की फाइलों में कहीं न कहीं सुरक्षित है। नायक वह नहीं होता जो हमेशा मंच पर रहे, बल्कि नायक वह भी है जो चुपचाप अपना काम पूरा कर इतिहास के पन्नों में कहीं ओझल हो जाए।
एक सफ़र थमा है, पर कारवां अभी बाकी है...'गुमनाम नायक' की इस कड़ी में आपने वर्षा जी के त्याग को महसूस किया। लेकिन भास्कर की उस लॉन्चिंग टीम में अभी कई और ऐसे चेहरे हैं जिनके संघर्षों से पर्दा उठना बाकी है। कल आपकी मुलाक़ात एक 'नए किरदार' से होगी, जिसने प्रेस की स्याही से अपनी तक़दीर लिखी थी। कौन है वह शख्स? जानने के लिए इंतज़ार करें अगली कड़ी का...! #दैनिक_भास्कर_इंदौर_लॉन्चिंग_टीम_के_गुमनाम_नायक #सीरीज_29 #डीबी_कॉर्प #गुमनाम_नायक #वर्षा_जोशी

Comments

Popular posts from this blog

20 की उम्र में चारधाम पूरे, रिश्तों का पंचधाम भी जी लिया!

जड़ों से जुड़ाव की पुकार: एक बार फिर कुलदेवता के दरबार में!

मन की शांति का रहस्य: स्वीकार्यता है!