छह महीने, सैकड़ों अनुभव: माननीय विधायक श्री गोपाल राय के कार्यालय में राजनीति की असली पाठशाला

(नैवेद्य पुरोहित)
सुबह का वक्त था। घड़ी में 5 बजकर 40 मिनट हो रहे थे और मैं भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से दिल्ली के हज़रत निजामुद्दीन के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हो चुका था। न कोई ट्रिप थी...न कोई इवेंट...बस एक कागज़ के लिए यह यात्रा थी। किसी और के लिए वह केवल औपचारिक दस्तावेज़ हो सकता है पर मेरे लिए वह कागज़ किसी पुरस्कार से कम नहीं हैं। मेरे लिए यह उन अनगिनत घंटों की मेहनत, जिम्मेदारी और सीख का प्रतीक है जो मैंने पिछले छह महीनों में हासिल की है। इसका फल आज मेरे हाथ में था - इंटर्नशिप कम्प्लीशन सर्टिफिकेट, लेटर ऑफ रिकमेंडेशन और लेटर ऑफ अप्रिशिएशन, जो खुद माननीय गोपाल राय जी ने मुझे सौंपे।
राजनीति के भीतर की दुनिया - 1 मार्च 2025 से शुरू हुई यह यात्रा सिर्फ़ इंटर्नशिप नहीं थी यह मेरे करियर का पहला औपचारिक राजनीतिक अनुभव था। आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री और दिल्ली विधानसभा में तीसरी बार विधायक श्री गोपाल राय जी के कार्यालय में मुझे राजनीति की असली परतों में देखने का अवसर मिला। यहाँ मेरा रोल सिर्फ़ लेखन या डॉक्यूमेंटेशन तक सीमित नहीं था। मैंने एक साथ पॉलिसी एनालिसिस, रिसर्च, आउटरीच और टीम लीडरशिप जैसे कई जिम्मेदार काम किए। यह वह जगह थी जहाँ डेटा और ज़मीनी सच्चाई एक साथ सांस ले रहे हैं। जहाँ हर फाइल, हर रिपोर्ट, और हर निर्णय के पीछे किसी न किसी आम नागरिक की उम्मीद छिपी होती है।
25 लोगों से शुरू होकर आखिर में सिर्फ़ 8 बचे! - जब यह इंटर्नशिप की शुरुआत हुई, तो हमारे साथ 25 लोग जुड़े थे। हर कोई अपने सपनों और ऊर्जा के साथ आया था। लेकिन हक़ीक़त यह है कि राजनीति का काम बाहर से जितना ग्लैमरस चकाचौंध से भरा दिखता है अंदर से उतना ही कठोर होता है। एक महीने के भीतर मुझे टीम लीडर की जिम्मेदारी दी गई। धीरे-धीरे लोग छंटते गए कुछ थक गए, कुछ में धैर्य की कमी थी, कुछ को निष्क्रियता के कारण बाहर होना पड़ा। अंत में हम सिर्फ़ आठ लोग बचे।
सीखें जो किसी किताब में नहीं मिलतीं - एक विधायक के कार्यालय में काम करते हुए मैंने देखा कि नीति निर्माण का असली चेहरा कैसा होता है। यहाँ हर दिन एक नई चुनौती होती थी कभी किसी विषय पर रिसर्च रिपोर्ट तैयार करनी होती, कभी मीडिया ब्रीफ ड्राफ्ट करना होता, तो कभी जनता से जुड़े मुद्दों को डेटा में बदलना पड़ता था। मैंने सीखा कि राजनीति नारेबाज़ी नहीं, एक प्रक्रिया है। वह प्रक्रिया जिसमें धैर्य चाहिए, शोध चाहिए, और सबसे ज़रूरी जनता के प्रति संवेदना चाहिए। टीम लीडर बनना आसान था पर उस भूमिका में टिके रहना सबसे कठिन। हर दिन अलग राय, अलग टास्क, और अलग चुनौतियाँ। कभी किसी की रिपोर्ट में सुधार करना, कभी पूरी टीम का मनोबल बनाए रखना, कभी यह सुनिश्चित करना कि काम समय पर और सही तरीके से पूरा हो। धीरे-धीरे मैंने महसूस किया कि असली नेतृत्व का मतलब आदेश देना नहीं, अपितु सबके साथ मिलकर सीखना और आगे बढ़ना है। मेरे लिए यह इंटर्नशिप एक "लीडरशिप लैब" बन गई, जहाँ हर गलती एक सबक थी और हर सुधार एक जीत।
जब मेहनत का फल हाथ में था - 15 अक्टूबर 2025 की शाम जब गोपाल राय जी ने मुस्कुराते हुए मुझे मेरा प्रमाणपत्र सौंपा तो वो पल शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वो सिर्फ़ एक दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि उन छह महीनों की कहानी है जो मैंने पूरे जुनून से जी थी। अंत में, मैं आभारी हूँ गोपाल राय जी के मार्गदर्शन और समर्थन के लिए जिन्होंने मुझे राजनीति की असली पाठशाला में सीखने का अवसर प्रदान किया। मैं अपने सुपरवाइजर आफताब आलम सर को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूँ जिन्होंने मुझे निरंतर प्रोत्साहित किया और मुझ पर भरोसा जताया। साथ ही मैं अपनी टीम के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस यात्रा को यादगार बनाया। यह इंटर्नशिप मेरे लिए एक अमूल्य अनुभव रहा है। सभी को बहुत बहुत धन्यवाद। #गोपाल_राय #विधायक #पूर्व_कैबिनेट_मंत्री #दिल्ली_विधानसभा #आम_आदमी_पार्टी #देश_की_बात_फाउंडेशन #इंटर्नशिप #पॉलिसी #रिसर्च #आउटरीच #मीडिया

Comments

  1. मेहनत ईमानदारी का फल देर से मिलता है पर मिलता जरूर हैं

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

20 की उम्र में चारधाम पूरे, रिश्तों का पंचधाम भी जी लिया!

जड़ों से जुड़ाव की पुकार: एक बार फिर कुलदेवता के दरबार में!

मन की शांति का रहस्य: स्वीकार्यता है!