अमरपुर हरित उपवन में एनएसएस वॉलंटियर्स की यादगार यात्रा!

(लेखक - नैवेद्य पुरोहित)
शनिवार 03 मई 2025 का दिन एक बेहद खास और अविस्मरणीय अनुभव लेकर आया, जब हम एनएसएस वॉलंटियर्स के रूप में अमरपुर हरित उपवन पहुंचे। यह स्थल अमरपुर गांव, दनकौर के पास, जिला गौतमबुद्ध नगर, (उ.प्र) में स्थित है। साथ में हमारे तीन प्रेरणादायक शिक्षकगण डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. दिनेश कुमार और डॉ. उमेश गुप्ता भी हमारे मार्गदर्शक बनकर उपस्थित थे।
मौसम का जादू और प्रकृति की गोद में स्वागत सुबह से ही मौसम बेहद शानदार था — ठंडी हवा, काले बादल और हरियाली के बीच घुलती मिट्टी की सोंधी खुशबू ने मन मोह लिया। जैसे ही हम वहां पहुंचे, प्रकृति ने जैसे बांहें खोल कर स्वागत किया। यह स्थान किसी ऑफबीट पिकनिक स्पॉट से कम नहीं था शांत, हराभरा और आत्मा को सुकून देने वाला।
शहद उत्पादन की अद्भुत प्रक्रिया का अनुभव! मेरे लिए इस यात्रा का सबसे अनोखा और नया अनुभव था मधुमक्खी पालन और शहद निर्माण की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखना। यहाँ के प्रमुख भानुप्रताप सिंह बघेल ने हमें शुरुआत से अंत तक इस प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी को नेट कैप्स और ग्लव्स भी प्रदान किए ताकि हम बिना डरे मधुमक्खियों के छत्तों के पास जा सकें। यह जीवन में पहली बार था जब हमने इतने करीब से मधुमक्खियों के कार्य को देखा और समझा। हम सबने मिलकर पौधारोपण भी किया, और जैसे ही हम पौधे लगा रहे थे, अचानक हल्की बारिश शुरू हो गई जैसे प्रकृति ने हमारी मेहनत को आशीर्वाद दिया हो। यह अनुभव सोनें पे सुहागा जैसा रहा।
परियोजना की पृष्ठभूमि यह संपूर्ण हरित उपवन एचसीएल फाउंडेशन (शिव नाडर ग्रुप) की एक कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) परियोजना के अंतर्गत आता है। लगभग 11 एकड़ ज़मीन पर फैली यह परियोजना 2019 में शुरू हुई थी और इसमें 60,000 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस परियोजना को जापानी वैज्ञानिक डॉ. अकीरा मियावाकी की पद्धति पर आधारित किया गया है, जिसमें कम ज़मीन पर अधिक पेड़ लगाए जाते हैं। इसका उद्देश्य पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाना और स्थानीय जैव विविधता को संजोना है।
ग्राम पंचायत और सामुदायिक सहयोग इस परियोजना को सफल बनाने में अमरपुर ग्राम पंचायत, सामुदायिक सहभागिता और प्रकृति के प्रति प्रेम इस स्थल पर साफ दिखाई देता है। यह यात्रा सिर्फ एक शैक्षणिक भ्रमण नहीं बल्कि प्रकृति, परिश्रम और समाज सेवा के प्रति हमारी सोच को नया आयाम देने वाली रही। अमरपुर हरित उपवन न केवल पर्यावरण संरक्षण का एक सफल उदाहरण है, बल्कि यह यह भी दिखाता है कि जब समुदाय, कॉरपोरेट और युवा मिलकर काम करें, तो हरियाली और समृद्धि संभव है। हम सभी के लिए यह दिन यादगार रहेगा एक ऐसी जगह जहां प्रकृति मुस्कुराती है, और हर पौधा एक नई उम्मीद बोता है। #अमरपुर_हरित_उपवन #एचसीएल_फाउंडेशन #मियावाकी_पद्धति #एनएसएस #बेनेट_यूनिवर्सिटी

Comments

  1. अच्छा पर्यावरण बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए,अच्छा वातावरण,साफ हवा, के महत्व को, नकारा नहीं जा सकता।
    Nss में रहकर बहुत अच्छे कार्य किए हैं तुमने पिछले 3 वर्षों में। अब बाकी जीवन में भी अपनी आजीविका के लिए धन कमाने के साथ साथ nss में जैसे कार्य किए है वैसे ही और करते रहना

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

20 की उम्र में चारधाम पूरे, रिश्तों का पंचधाम भी जी लिया!

जड़ों से जुड़ाव की पुकार: एक बार फिर कुलदेवता के दरबार में!

मन की शांति का रहस्य: स्वीकार्यता है!