क्रिप्टो के जाल में फंसा एक नौजवान: 95,000 रुपये गँवा दिए!
(लेखक: नैवेद्य पुरोहित)
आज का नौजवान मेहनत से दूर भागता है। उसे लगता है कि मेहनत करने से कुछ नहीं होगा, सब कुछ जल्दी चाहिए—नाम भी, पैसा भी। लगभग हर बच्चा चाहता है कि वह कम समय में सफल हो जाए और झटपट अमीर बन जाए। इसी सोच की वजह से मेरे आसपास भी कई लड़के हैं जो रोज़ आईपीएल में सट्टा लगाते हैं, और कुछ क्रिप्टो के चक्कर में उलझ जाते हैं। वो ये समझ ही नहीं पाते कि क्रिप्टो सिर्फ एक नाम है, असल में यह एक ग्रे मार्केट है, जहां न कानून का दायरा है, न कोई पक्की सुरक्षा।
क्या है क्रिप्टोकरेंसी?
क्रिप्टोकरेंसी एक डिजिटल पैसा है। ये ऑनलाइन लेन-देन के लिए इस्तेमाल होता है, लेकिन इसे आप देख या छू नहीं सकते। इसकी कोई नोट या सिक्के जैसी शक्ल नहीं होती—जैसे बिटकॉइन, एथेरियम, या यूएसडीटी (USDT)। यूएसडीटी एक तरह की क्रिप्टोकरेंसी है जिसकी कीमत आमतौर पर 1 अमेरिकी डॉलर के बराबर रहती है। मतलब अगर डॉलर 95 रुपये का है, तो 1 यूएसडीटी भी लगभग उतना ही होगा।
कैसे और कहां खरीदी-बेची जाती है क्रिप्टो?
क्रिप्टो को खरीदने-बेचने के लिए कुछ वेबसाइटें होती हैं जिन्हें "एक्सचेंज" कहा जाता है। कुछ सेंट्रलाइज एक्सचेंज होती हैं, जैसे बाइनेंस या कॉइनबेस, और कुछ डीसेंट्रलाइज एक्सचेंज। इनमें सबसे ज्यादा खतरा पी2पी लेन-देन में होता है, क्योंकि इसमें सामने वाला व्यक्ति सीधे संपर्क में आता है और अगर वह धोखेबाज़ हो, तो नुकसान पक्का है।
कैसे मिला फ्रॉड आदमी से संपर्क?
अब बात उस वाकये की जिसने सबक दे दिया। बाइबिट (Bybit) नाम की एक क्रिप्टो ऐप है, जिस पर लोग विज्ञापन डालते हैं कि किसे कितने चाहिए या कौन कितने यूएसडीटी बेच रहा है। वहां पी2पी सेक्शन में एक आदमी ने पोस्ट डाली थी कि वह 1000 यूएसडीटी खरीदना चाहता है। मेरे दोस्त के पास कुछ दिन पहले ही किसी और सौदे से यूएसडीटी आए थे करीब 87 रुपये प्रति यूएसडीटी की दर से। अब उसे 1000 यूएसडीटी बेचने थे। बायबिट पर उस आदमी का विज्ञापन देखकर उसने संपर्क किया, क्योंकि वह उसे 95 रुपये प्रति यूएसडीटी दे रहा था — यानी कुल 95,000 रुपये। यही ज़्यादा रेट का लालच बन गया उसके नुकसान की शुरुआत।
आखिर कैसे फंसा धोखे में?
उस आदमी ने जिसकी नाम नीरज गुर्जर लिखा हुआ था उसकी पोस्ट पर। उसने बातों-बातों में कहा कि पेमेंट से पहले एक लिंक पर ट्रांजैक्शन डिटेल्स भरनी होंगी। मेरे दोस्त ने भरोसा कर लिया, और उस लिंक पर क्लिक किया — जो कि एक फिशिंग वेबसाइट थी उसी ठग के द्वारा। जैसे ही उसने क्लिक किया उसके वॉलेट का कंट्रोल उस आदमी को मिल गया। और अगले ही मिनट, पूरे 1000 USDT यानी 95,000 रुपये उड़ गए।
एफआईआर दर्ज क्यों नहीं होती?
क्रिप्टो पर कोई ठोस कानून नहीं है। अगर आप थाने जाओ, तो पुलिस यही पूछेगी "इतने पैसे कहां से आए?" लेन-देन बैंक से नहीं होता है, इसलिए सबूत नहीं है। चूंकि आप खुद उस लिंक पर क्लिक करके जानकारी भर चुके हो, तो गलती तकनीकी रूप से आपकी मानी जाएगी। यही वजह है कि ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज करवाने से लोग बचते है और अपराधी अगला शिकार ढूंढ़ लेता है।
क्रिप्टो के इस ग्रे मार्केट का असली खेल
इस पूरी घटना से एक बात साफ होती है — क्रिप्टो की दुनिया ग्रे मार्केट है। ना सरकार की कोई पकड़, ना साइबर सुरक्षा की गारंटी। लोग पी2पी सौदे में ज़्यादा दाम देखकर फंस जाते हैं, जबकि यही लालच सबसे बड़ा खतरा है। मेरे दोस्त को लगा था कि वह 87,000 रुपये में खरीदी गई क्रिप्टो को 95,000 में बेचकर मुनाफा कमा लेगा लेकिन सारा पैसा ही चला गया।
आखिर बचने के लिए क्या किया जाना चाहिए?
1. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
2. सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के भीतर ही लेन-देन करें।
3. अगर किसी को बहुत ज़्यादा रेट में खरीदने या बेचने का दावा है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं कि ये फ्रॉड है।
4. लॉगिन जैसी जानकारी सिर्फ ऐप के अंदर दें, किसी बाहरी लिंक पर नहीं।
सरकार और समाज की भूमिका
सरकार को क्रिप्टो लेन-देन को रेगुलेट करने के लिए जल्द से जल्द कड़े कानून बनाने चाहिए। साइबर पुलिस को फ्रॉड की ट्रेनिंग देनी चाहिए। और जनता के बीच क्रिप्टो साक्षरता फैलानी चाहिए। स्कूलों और कॉलेजों में भी इसके लिए वर्कशॉप होनी चाहिए।
आखिर में यही कहूँगा क्रिप्टो कोई जादू की छड़ी नहीं है, जिसे घुमाकर आप अमीर बन जाएँगे।
यह एक जटिल और अनियमित दुनिया है, जहां समझदारी और सतर्कता बेहद ज़रूरी है। मेहनत से कमाया पैसा आपके पास टिका हुआ रहता है ऐसे बैठे ठाले जल्दी पैसे की चाह अक्सर आदमी को ले डूबती है। अगर आप या आपके जानने वाले ऐसे किसी धोखे का शिकार हुए हैं, तो तुरंत साइबर क्राइम वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी साइबर सेल थाने में संपर्क करें।

Comments
Post a Comment