रंगपंचमी की यादें: इंदौर की गलियों से बेनेट यूनिवर्सिटी तक!
होली…मेरे लिए सिर्फ़ एक त्योहार नहीं, बल्कि यादों की वो गुलाल है जो ज़िंदगी के सफ़र में रंग भरती चली आ रही है। इस बार की होली कुछ अलग थी, कुछ ख़ास थी...पिछले तीन सालों से मैं बेनेट यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में होली मना रहा हूँ। पहला साल जब यहाँ फ्रेशर के रूप में आया था, तब इंदौर की रंगपंचमी की बहुत याद आ रही थी। राजबाड़ा क्षेत्र की वो गलियां, 200 फीट तक उड़ते रंगीन फव्वारे, मिसाइलों से उड़ता हुआ गुलाल, वो अनगिनत रंग, सब याद आ रहे थे। मगर तब खुद को समझाया था - "अभी तो पूरी कॉलेज लाइफ बाकी है, अगले साल चला जाऊँगा!" फिर 2024 में मैंने होली तो बेनेट में ही मनाई, मगर रंगपंचमी के लिए इंदौर लौट आया था। बचपन से लेकर अब तक, हर साल विश्व प्रसिद्ध रंगारंग गेर का हिस्सा बनना इंदौरियो की परंपरा रही है। इंदौर की फिज़ा में जो रंगों की खुशबू घुली होती है वो दुनिया में कहीं और महसूस नहीं हो सकती।
इस बार मैंने जान-बूझकर इंदौर में होली नहीं मनाई। मैं 7 मार्च को इंदौर के लिए निकला था, पर 14 मार्च को होली की सुबह-सुबह वापस बेनेट यूनिवर्सिटी आ गया था। दिल में एक ही ख्याल था - "इंदौर में तो पूरी ज़िंदगी होली मना सकते हैं, मगर कॉलेज लाइफ की ये आखिरी होली दोबारा नहीं आएगी!" और शायद यही सही फैसला भी था…बेनेट यूनिवर्सिटी में मेरी इस आखिरी होली में वो हर चीज़ थी, जो इसे यादगार बनाती। सभी जूनियर्स और दोस्तों के साथ जमकर होली खेली, डीजे की धुनों पर रेन डांस में नाचे, एक दूसरे को कीचड़ में फेंका, हँसी-ठिठोली की और हर वो पल को खुलकर जिया जो शायद फिर कभी न मिलता। मगर आज, रंगपंचमी के दिन इंदौर की यादें दिल को फिर से भारी कर देती हैं। मोहल्ले की गलियों से उठती हुरियारों की आवाज़, छतों से गिरते गुब्बारे रंग और गुलाल लगाए लाखों लोग सब कुछ याद आ रहा है। मेरा घर इंदौर के हृदय स्थल राजबाड़ा क्षेत्र में है तो बचपन से लेकर आज तक, इन रंगों में रंगना आदत बन चुकी थी। कुछ चीजें वक्त के साथ छूट ही जाती हैं…शायद ज़िंदगी हमें यही सिखाती है कि कुछ रंग छूटते हैं, तो कुछ नए रंग ज़िंदगी में घुलते हैं। जब अगले साल होली आएगी, तो संभवतः मैं इंदौर में ही रहूँगा मगर बेनेट यूनिवर्सिटी में मनाई गई ये आखिरी होली, दोस्तों के संग बिताए हुए रंगों भरे लम्हे…वो यादें ताउम्र मेरे दिल में जिंदा रहेंगी!
~ नैवेद्य पुरोहित
#होली #रंगपंचमी #बेनेट_यूनिवर्सिटी #इंदौर #विश्वप्रसिद्ध_रंगारंग_गेर #LastHoliofCollegeLife



Comments
Post a Comment