आपके खून की एक बूंद किसी और के लिए जीवन की एक बूंद हो सकती है !
(नैवेद्य पुरोहित)
आजकल की भागदौड़ भरी ज़िन्दगी में हर कोई अपनी दिनचर्या में व्यस्त रहता है। जब बात समाज सेवा और दूसरों की जान बचाने की हो तो इंसानियत के नाते हर व्यक्ति का फ़र्ज़ बनता है कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाए। इसी भावना से प्रेरित होकर मैंने आज दिनांक 12 नवंबर 2024 को नेशनल सर्विस स्कीम (एनएसएस) बेनेट यूनिवर्सिटी और ओम चैरिटेबल ब्लड बैंक, नोएडा द्वारा आयोजित ब्लड डोनेशन ड्राइव 4.0 में 450 मिलीलीटर रक्त दान किया। यह मेरे लिए एक विशेष अनुभव रहा क्योंकि यह लगातार तीसरा साल है जब मैंने इस नेक काम में अपना योगदान दिया।
पहला कदम और संकल्प
मुझे आज भी वो दिन याद है जब मैं 17 साल की उम्र में कॉलेज फर्स्ट ईयर में एनएसएस के ही द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर स्वयंसेवक शामिल हुआ था। लेकिन उस समय कम उम्र के कारण डॉक्टर्स ने मुझे रक्तदान करने की अनुमति नहीं दी थी। 18 वर्ष का होने के बाद जब पिछले वर्ष मुझे पहली बार रक्तदान का अवसर मिला तो मैं बहुत खुश हुआ। तब से मैंने यह प्रण लिया कि हर साल कम से कम एक बार रक्तदान ज़रूर करूंगा और जरूरतमंदों की सेवा करूंगा!
रक्तदान: लोगों को जीवन का उपहार दो
हमारे द्वारा दान किया गया रक्त किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान तक साबित हो सकता है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, एक यूनिट खून से तीन से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। चाहे वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो, सर्जरी के दौरान ज़रूरत हो, या फिर किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो – खून की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है। दुर्भाग्यवश आज भी हमारे समाज में आसपास देखे तो रक्तदान को लेकर लोगों में अभी भी जानकारी और जागरूकता की कमी है।
रक्तदान का महत्व और हमारा उत्तरदायित्व
रक्तदान को लेकर अक्सर लोगों में कई प्रकार की भ्रांतियाँ फैली हुई हैं। जैसे कि रक्तदान करने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है या फिर रक्त की कमी हो जाती है। जबकि सच्चाई यह है कि एक स्वस्थ व्यक्ति के शरीर में दान के बाद कुछ ही हफ्तों में तेज़ी से खून पुनः बन जाता है। सही समय पर किया गया रक्तदान दूसरों की ज़िंदगी में आशा की किरण बन सकता है।
रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हर व्यक्ति का मानवीय कर्तव्य भी है। हमारे देश में हर दिन लाखों लोगों को रक्त की आवश्यकता होती है और यदि सभी स्वस्थ लोग समय-समय पर रक्तदान करें तो हम इस जरूरत को पूरा कर सकते हैं। एनएसएस और अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित इस प्रकार के शिविर हमें एक अवसर देते हैं कि हम अपने हिस्से का योगदान देकर समाज के लिए कुछ कर सकें।
एक बूँद से बदलाव की ओर
रक्तदान का यह अनुभव मेरे लिए केवल एक व्यक्तिगत योगदान नहीं है, बल्कि एक प्रेरणा भी है। मैं अपने साथियों और समाज के सभी लोगों से अपील करता हूँ कि वे इस नेक काम में हिस्सा लें और जरूरतमंदों के लिए एक संजीवनी की भूमिका निभाएं। आपके द्वारा दान की गई रक्त की बूँद किसी परिवार की खुशियों को लौटाने का कारण बन सकती है।
आइए, हम सब मिलकर रक्तदान का संकल्प लें और इस तरह के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें जिससे कि एक स्वस्थ और सामर्थ्यवान समाज का निर्माण हो।
#रक्तदान_महादान #जीवन_दान #जीवन_का_उपहार #एनएसएस #ओम_चैरिटेबल_ट्रस्ट_ब्लड_बैंक #सामाजिक_जिम्मेदारी #मानवीय_कर्तव्य





गर्व है तुम पर बेटा, we love you
ReplyDeleteअपने लिए जिए तो क्या जिए
दुष्यंत कुमार की बड़ी प्रसिद्ध ग़ज़ल है, "जिएँ तो अपने बग़ीचे में गुलमोहर के तले
Deleteमरें तो ग़ैर की गलियों में गुलमोहर के लिए"